सिंगरौली

वार्ड-36 जुवाड़ी, जयनगर बस्ती में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ी पहल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली।वार्ड क्रमांक 36 अंतर्गत जुवाड़ी एवं जयनगर बस्ती में लंबे समय से चली आ रही बिजली संबंधी गंभीर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली का हाई टेंशन तार काफी समय से जर्जर अवस्था में घरों के ऊपर लटक रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती थी। साथ ही सड़क पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण रात्रि के समय अंधेरा रहता था, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था।
स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की थी कि जुवाड़ी बस्ती में बिजली का लोड अधिक होने के कारण बार-बार फॉल्ट की स्थिति बनती थी और तार जल जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए पार्षद प्रेम सागर मिश्रा के प्रयासों से बिजली विभाग के अधिकारियों एवं तकनीकी टीम के साथ संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कराया गया।निरीक्षण के दौरान आवश्यकताओं का आकलन कर जर्जर तारों को बदलने, नए बिजली खंभे लगाने तथा अतिरिक्त लोड को संतुलित करने के लिए नया ट्रांसफार्मर स्थापित करने का कार्य प्रारंभ कराया गया है। पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने बताया कि यह कार्य शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा, जिससे आने वाले दिनों में क्षेत्रवासियों को बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिलेगी और बिजली कटौती व फॉल्ट की समस्या से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस कार्य के पूरा होने से न केवल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि नागरिकों को निर्बाध एवं सुरक्षित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। क्षेत्रवासियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए पार्षद और बिजली विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button