लिट्टीपाड़ा में मध्याह्न भोजन योजना की प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न
Block level steering cum monitoring committee meeting of Mid Day Meal Scheme concluded in Littipada.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। शुक्रवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में मध्याह्न भोजन योजना अंतर्गत प्रखंड स्तरीय स्टीयरिंग कमेटी सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र के सभी सरकारी एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में मध्याह्न भोजन योजना के सुचारु, नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन की समीक्षा करना रहा। बैठक में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के प्रतिनिधि, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) आतिश भट्टाचार्य, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी के. सी. दास, सहायक गोदाम प्रबंधक कुंदन कुमार, शिक्षक प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के उपाध्यक्ष तथा प्रखंड रिसोर्स पर्सन (BRP) उपस्थित रहे। बैठक के दौरान निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन की गुणवत्ता, मात्रा एवं पौष्टिकता की नियमित समीक्षा करने, खाद्यान्न की उपलब्धता एवं सुरक्षित भंडारण की निगरानी सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गये। इसके साथ ही विद्यालयों में रसोईघर की स्थिति, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था एवं रसोई उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। रसोइया-सह-सहायकों के मानदेय भुगतान एवं उनकी उपस्थिति पर निगरानी रखने, छात्र उपस्थिति के अनुरूप भोजन तैयार करने तथा योजना से संबंधित व्यय एवं अभिलेखों की नियमित जांच करने पर सहमति बनी। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी विद्यालय में शिकायत अथवा खाद्य विषाक्तता की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा इसकी सूचना जिला स्तर को भेजी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



