ललितपुर
तीर्थ स्थलों को जोडऩे वाली ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
ललितपुर सेवा ग्रुप ने डीआरएम को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। रेलवे स्टेशन पहुंचे मण्डल रेल प्रबंधक झांसी का ललितपुर सेवा ग्रुप ने आत्मीय स्वागत करते हुये तमाम ट्रेनों के स्टॉपेज स्वीकृत किये जाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया। बताया कि सम्पूर्ण बुन्देलखण्ड प्रमुख रूप से ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, जिले के हिन्दु यात्रियों को प्रसिद्ध तीर्थस्थल गयाजी (बिहार), दक्षिणेश्वर काली मंदिर कलकत्ता (पश्चिम बंगाल) एवं जैन यात्रियों को जैन तीर्थराज सम्मेद शिखरजी जाने के लिये पारसनाथ स्टेशन (झारखंड) और कलकत्ता जाने के लिये सभी व्यापारियों को आने जाने के लिये सीधी रेल सेवा का संचालन नहीं है। जिससे ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, जिलों के लोगों को यात्रा करने में बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके लिए एक सीधी रेल सेवा चलाई जाये जो उज्जैन, भोपाल सांची, विदिशा, गंजबासौदा, बीना, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, महोबा, चित्रकूट, प्रयागराज, गयाजी, पारसनाथ, हावड़ा स्टेशन कलकत्ता की ओर रेल सुविधा उपलब्ध हो जिससे दर्शनार्थियों के लिये यातायात सुलभ होगा और कलकत्ता रेल सुविधा से बुन्देलखण्ड के जिलों के गेंहू एवं कपड़ा व्यवसायियों को लाभ मिलेगा साथ ही राज्य सरकार और भारत सरकार के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी। इस हेतु रेल मार्ग निम्न प्रकार प्रस्तावित है:- उज्जैन (महाकाल), भोपाल, सांची, विदिशा, गंजबासौदा बीना, ललितपुर, टीकमगढ़, छतरपुर, खजुराहो, महोबा, चित्रकूट, प्रयोगराज, गयाजी, पारसनाथ, हावड़ा स्टेशन (महाकाली)। इसके अलावा बहुत समय से ललितपुर मे मंगला एक्स., केरला एक्स., पनवेल एक्स. एवं गोवा एक्स. ट्रेनों के स्टॉपेज के मांग की जा रही है, किन्तु अभी तक इन ट्रेनों का स्टॉपेज नहीं किया गया है। कृपया इन ट्रेनों के स्टॉप भी कराये जाए जिससे जनता को लाभ मिले एवं बुंदेलखंड के पर्यटन को बढ़ावा मिल सके। झाँसी से कोटा बाया ललितपुर ट्रेन चलाई जाये जिससे कोटा में कोचिंग कर रहे छात्रों को लाभ मिल सके। पनवेल एक्सप्रेस 15065/15066 का ललितपुर मे स्टॉप किया जाये जिससे लखनऊ मुख्यालय जाने में परेशानी न हो। प्लेटफॉर्म नं0 1 व 2 पर लिफ्ट निर्माण एवं स्टेशन सौन्दर्गीकरण के कार्य में तेजी लायी जाये, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने डीआरएम से लोगों की आस्था और सुविधा की दृष्टि से सीधी रेल सेवा का संचालन कर रेल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। इस दौरान अध्यक्ष अंकुर जैन (सानू बाबा), ब्रजेश गुप्ता, अंकित सराफ मोनू, अभिषेक नामदेव, वासु जैन, भरत पटेल आदि उपस्तिथ रहे।



