पाकुड़

चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली समेत ज्ञानेश कुमार के विरोध में झामुमो करेगा पुतला दहन- अजीजुल ईस्लाम

JMM to burn effigy in protest against Gyanesh Kumar and the Election Commission's internal functioning – Azizul Islam

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

पाकुड़। चुनाव आयोग की आंतरिक कार्यप्रणाली और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कथित निर्णयों के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सोमवार, 28 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय में पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा। पार्टी के अनुसार, यह कार्यक्रम केन्द्रीय समिति के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है। झामुमो की ओर से जारी बयान में आरोप लगाया गया है कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अन्य दोनों निर्वाचन आयुक्तों की कथित चिंताओं को दरकिनार करते हुए उनकी सहमति और जानकारी के बिना कई फैसले लिए हैं। पार्टी ने इन फैसलों को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रतिकूल और पक्षपातपूर्ण रवैये से जुड़ा बताया है। इन आरोपों को लेकर पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया है। पार्टी के अनुसार, 28 सितंबर को अपराह्न 2 बजे से जिला मुख्यालय में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला दहन किया जायेगा। जिलाध्यक्ष अजीजुल ईस्लाम द्वारा मीडिया को कार्यक्रम में राजमहल सांसद विजय हांसदा, महेशपुर विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी और लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू के विशेष रूप से शामिल होने की जानकारी दी गई है। झामुमो जिला समिति की ओर से कार्यक्रम में जिला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, केन्द्रीय समिति के सदस्यों, जिला वर्ग संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, नगर एवं सभी प्रखंड समितियों के पदाधिकारियों तथा सदस्यों से उपस्थित रहने की अपील की गई है। इसके अलावे नगर एवं प्रखंड स्तर के वर्ग संगठनों, पंचायत एवं वार्ड समितियों के पदाधिकारियों और सदस्यों समेत पार्टी के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं से भी निर्धारित समय पर धनुषपूजा स्थित जिला झामुमो कार्यालय पहुंचने का आग्रह किया गया है।  पार्टी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में समय पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button