
पशुपालकों को दी गई बेहतर देखभाल, संतुलित आहार और बीमारियों से बचाव की जानकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग गाजियाबाद की ओर से रविवार को विकासखंड रजापुर के ग्राम इनायतपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर एवं मेला आयोजित किया गया। शिविर में 246 पशुओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार उपचार किया गया तथा पशुपालकों को मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं।
शिविर में पहुंचे पशु चिकित्सकों ने विभिन्न पशुओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच की। इस दौरान पशुओं को कृमिनाशक दवाएं भी दी गईं। इसके अलावा कृत्रिम गर्भाधान, बधियाकरण और गर्भ परीक्षण से संबंधित सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। शिविर के माध्यम से ग्रामीण पशुपालकों को एक ही स्थान पर विभिन्न पशु चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिला।कार्यक्रम के दौरान पशुपालकों को पशुओं के रखरखाव, साफ-सफाई, पौष्टिक एवं संतुलित आहार और मौसमी व संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविशंकर तथा मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एमवीयू) के पशु चिकित्सक डॉ. बाबू सिंह ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसपी पाण्डेय ने पशुपालकों से सीधे संवाद कर शिविर में दी गई सुविधाओं के संबंध में उनकी राय जानी। पशुपालकों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए विभाग की पहल की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने की मांग रखी।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शेखर नागर, पूर्व प्रधान अरविंद कुमार, पशुपालक विजेंद्र अधाना, पशुपालन विभाग के वेटरिनरी फार्मासिस्ट मनिंदर कुमार, अंकित कुमार, पशुमित्र राकेश कुमार एवं विकास सहित मोबाइल वेटरनरी यूनिट की टीम मौजूद रही।ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों से पशुपालकों को गांव में ही निःशुल्क जांच, उपचार और दवाइयों की सुविधा मिलती है। इससे पशुओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल के साथ पशुपालन को भी प्रोत्साहन मिलता है।


