ललितपुर

सिद्धि सागर एकेडमी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन

जिला पंचायत अध्यक्ष व सीएमओ ने बच्चों को खिलाई गई एल्बेंडाजोल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सिद्धि सागर एकेडमी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण ने किया। उन्होंने बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलायी। उन्होंने बताया कि एल्बेंडाजोल के नियमित सेवन से कृमि संक्रमण से बचाव होता है। यह दवा पूरी तरह सुरक्षित है और इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से दवा दिलाने की अपील की। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने कहा कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में कुपोषण, एनीमिया तथा शारीरिक और मानसिक विकास में रुकावट जैसी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। जनपद में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) कार्यक्रम के अंतर्गत सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एल्बेंडाजोल खिलाई जा रही है। एक से दो वर्ष के बच्चों को दवा का चूरा बनाकर पानी के साथ दिया जाएगा, जबकि बड़े बच्चों को दवा चबाकर खिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बीमार बच्चों को यह दवा नहीं दी जाएगी। उप सीएमओ/नोडल अधिकारी (एनडीडी) डा. प्रदीप सिंह यादव ने बताया कि 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए एल्बेंडाजोल की खुराक दी जा रही है। पब्लिक हेल्थ स्पेशलिस्ट डा.सौरभ सक्सेना ने कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों, बच्चों के स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव तथा दवा सेवन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेट में कीड़े होने से शरीर में खून की कमी हो जाती है और बच्चा कुपोषण का शिकार हो सकता है, जिससे उसका समग्र विकास प्रभावित होता है। इस दौरान बच्चों और शिक्षकों को भोजन से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोने, साफ-सुथरा रहने तथा स्वच्छ पानी पीने की सलाह दी गई। हाथ धोने की सही विधि का प्रदर्शन भी किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जो बच्चे आज एल्बेंडाजोल की दवा नहीं ले सके हैं, उन्हें 13 फरवरी 2026 को मॉप-अप दिवस के अवसर पर दवा खिलाई जाएगी। कार्यक्रम में चेयरमैन भूपेंद्र जैन, प्रधानाचार्या रीता जैन, उप सीएमओ डा.शिवप्रकाश, चिकित्सा अधिकारी डा.राजेश भारती, डीपीएम रजिया फिरोज, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य परामर्शदाता रविशंकर झा, एमओआईसी डा.सुमित बघेल, डीएमसी (यूनिसेफ) सवा परवीन सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button