गाजियाबाद

अच्छेजा में भाकियू (अनाज) की मासिक बैठक आयोजित, संगठन को मिली नई मजबूती

किसान समस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने का फैसला, 29 दिसंबर से संघर्ष की शुरुआत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गौतमबुद्ध नगर जनपद के गांव अच्छेजा में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक अपराह्न एक बजे महाशय जी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जबकि संचालन राष्ट्रीय महासचिव शर्मा यादव ने किया। कार्यक्रम का आयोजन युवा प्रदेश अध्यक्ष निशांत भड़ाना द्वारा किया गया। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं. सचिन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान किसानों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। अवैध खनन से नदियों को हो रहे नुकसान, एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रियों के खिलाफ संघर्ष, लगातार बिजली कटौती और भारी वाहनों के कारण आम जनता को हो रही परेशानियों जैसे विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के किसान वर्ष का अधिकांश समय अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन में बिताने को मजबूर हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। इस बात पर भी नाराजगी जताई गई कि मुख्यमंत्री का क्षेत्र में बार-बार आगमन होने के बावजूद किसानों से संवाद नहीं किया जाता।
बैठक में विकास के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन के जबरन अधिग्रहण और अपर्याप्त मुआवजे को लेकर सरकार की कड़ी आलोचना की गई। वक्ताओं ने कहा कि सरकार के पास न तो किसानों के रोजगार की कोई ठोस योजना है और न ही उनके भविष्य को सुरक्षित करने की कोई स्पष्ट नीति।
सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ संगठन ने आंदोलन को और धार देने का निर्णय लिया। तय किया गया कि लापरवाह मंत्रियों के खिलाफ जिला मुख्यालयों पर पुतला दहन किया जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि इसके बाद भी सरकार ने किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो संबंधित विभागों के कार्यालयों पर तालाबंदी जैसे कदम उठाए जाएंगे। आंदोलन की शुरुआत 29 दिसंबर को गाजियाबाद जनपद मुख्यालय पर खनन मंत्री का पुतला दहन कर की जाएगी।
बैठक के दौरान संगठन की विचारधारा से प्रभावित होकर सैकड़ों लोगों ने भारतीय किसान यूनियन (अनाज) की सदस्यता ग्रहण की और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
बैठक में राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button