शामली
चकबंदी को लेकर ग्रामीणों में मतभेद, विरोध के बीच लौटे अधिकारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। विकासखंड क्षेत्र के गांव ताहरपुर भभीसा में चकबंदी प्रक्रिया को लेकर स्थिति असमंजस बनी हुई है। गुरुवार को चकबंदी विभाग के अधिकारी किसानों की समस्याएं और राय जानने के लिए गांव के प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां सैकड़ों किसानों ने हाथ उठाकर चकबंदी के विरोध में प्रदर्शन किया। हालांकि, कई किसानों ने चकबंदी कराने के समर्थन में भी अपनी राय रखी। क्षेत्र के गांव ताहरपुर भभीसा में बीते लगभग एक वर्ष से चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है। इस दौरान ज्यादातर किसानों द्वारा लगातार विरोध किया जा रहा है, वहीं उच्च अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्रों में भी चकबंदी नहीं कराने की मांग की गई है, जिसके चलते मामला अब तक उलझा हुआ है।
गुरुवार को चकबंदी विभाग के एसीओ अंकुर पाल, कानूनगो जगवीर सिंह और लेखपाल मनीष कुमार ग्रामीणों से संवाद करने पहुंचे। बैठक के दौरान सैकड़ों किसानों ने स्पष्ट रूप से कहा कि गांव में किसी भी सूरत में चकबंदी स्वीकार नहीं की जाएगी। दूसरी ओर, कई किसानों ने चकबंदी को गांव के हित में बताते हुए इसका समर्थन किया। दोनों पक्षों के बीच बहस भी हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। विरोध के बीच चकबंदी विभाग के अधिकारी बिना किसी निर्णय के वापस लौट गए। इस संबंध में एसीओ अंकुर पाल ने बताया कि वे उच्च अधिकारियों के आदेश पर किसानों की राय जानने पहुंचे थे। गांव में चकबंदी को लेकर अलग-अलग मत सामने आए हैं। गांव में किसानों के दो पक्ष आमने-सामने हैं। पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को सौंप दी जाएगी, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान रोहित कुमार,विकास कुमार,संजीव जावला, विनीत कुमार, मोहित, मनीष, शेखर शर्मा,बिजेंदर, राजकुमार, लोकेश, लोकेंद्र, रविंद्र, नरेंद्र, राहुल, कृष्णपाल, बृजपाल, राजवीर सहित आदि मौजूद रहे।
