बाराबंकी
डीएम ने किया बड़ागांव स्थित ग्रामीण मिनी स्टेडियम के अनुरक्षण के कार्यो का निरीक्षण,
साफ-सफाई में लापरवाही पर जताई नाराजगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बुधवार को ग्राम बड़ागांव स्थित जमील उर रहमान किदवाई स्मारक मिनी स्टेडियम में युवा कल्याण विभाग द्वारा कराये जा रहे अनुरक्षण के कार्यो का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि स्टेडियम परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि आस-पास के गांवों के बच्चे और युवा यहाँ आकर खेलों में भाग ले सकें। जिलाधिकारी ने स्टेडियम के अनुरक्षण कार्यों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता की जांच हेतु एक टास्क फोर्स गठित की जाए, जो अनुमोदित स्टीमेट के अनुसार कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन करे तथा अनुरक्षण कार्यों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ इस प्रकार से संपन्न कराया जाए कि ग्रामीण अंचल के युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि खेल सुविधाएं केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि उनका नियमित अनुरक्षण एवं सक्रिय उपयोग भी सुनिश्चित किया जाए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद के चार विकासखंडों मसौली, देवा, त्रिवेदीगंज एवं बनीकोडर में युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण मिनी स्टेडियम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें से देवा, त्रिवेदीगंज तथा मसौली स्थित स्टेडियमों के अनुरक्षण हेतु शासन से बजट प्राप्त हुआ है, जिसके अंतर्गत कार्य कराया जा रहा हैं ।
निरीक्षण के दौरान जॉइंट मजिस्ट्रेट/आई.ए.एस. सुश्री गुंजिता अग्रवाल, जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रदीप त्रिपाठी, खण्ड विकास अधिकारी संदीप कुमार श्रीवास्तव, अभियंता दुर्गेश कुमार, ब्लाक स्तरीय तकनीकी सहायक योगेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी तुषार तिवारी, टी ए दिनेश्चंद्र, अजय कुमार वर्मा, सुरजप्रसाद, रोजगार सेवक विनोद कुमार राव आदि लोग मौजूद रहे।



