
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : जनपद के हसनपुर तहसील के थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव कोकापुर के जंगल में एक गर्भवती विवाहिता का शव मिला है। 21 वर्षीय महिला का शव आम के पेड़ पर दुपट्टे से लटका हुआ था। मृतका की पहचान धर्मवती के रूप में हुई है। धर्मवती की शादी दो साल पहले फतेहपुर अधेक गांव के राजपाल के बेटे मनोज कुमार से हुई थी।
मृतका के भाई ने बताया
वह पांच माह की गर्भवती थी। पति-पत्नी के बीच विवाद के कारण वह अपने मायके कोकापुर में रह रही थी। मृतका के भाई कैलाश ने बताया कि उनकी बहन ससुराल वालों से परेशान थी। धर्मवती 26 अगस्त से मायके से लापता थी। परिजनों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार सुबह उसका शव कोकापुर गांव के पास गन्ने के खेत में स्थित आम के पेड़ पर मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी दीप कुमार पंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। थाना अध्यक्ष कुमरेश त्यागी ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




