गोड्डा

हनवारा हाट के पास सड़कों पर जमा गंदा पानी बना बीमारी की वजह

मच्छरों का प्रकोप बढ़ा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

महागामा। महागामा प्रखंड क्षेत्र के हनवारा हाट के बगल में मुख्य सड़क सहित आसपास की गलियों में सालों से गंदा पानी जमा रहने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर महीनों तक गंदा पानी भरा रहता है, जिससे बदबू फैलती है और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थिति से महामारी फैलने का डर बना हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार हनवारा पंचायत के अलावा गढ़ी, परसा, रामकोल, कोयला, विश्वशखानी, नयानगर, कुशमहरा,भांजपुर और लौगाय गांवों में भी मच्छरों की भरमार देखी जा रही है। पानी भरे स्थानों,नालियों और तालाबों के आसपास गंदगी के ढेर लगे रहने से मच्छर पनप रहे हैं। इससे बुखार, कालाजार, मलेरिया, टाइफाइड और डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है। दिन में भी मच्छरों का प्रकोप रहने से लोग खुले में बैठ नहीं पा रहे हैं।
ग्रामीण अजय कुमार,अभिषेक, महताब,अर्जुन,निलेश,फरीद,कपिल और अख्तर समेत दर्जनों लोगों ने बताया कि सड़कों पर जमा गंदा पानी घर से निकलना मुश्किल कर देता है। बदबू और मच्छरों के कारण बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा दिक्कत हो रही है। लोगों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित रूप से डी.डी.टी. छिड़काव नहीं किया जा रहा है, और जो होता भी है वह सिर्फ कागजी खानापूर्ति बनकर रह जाता है। अभी तक मच्छरदानियों का वितरण भी नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से नालियों की सफाई,स्थायी जलनिकासी व्यवस्था,नियमित फॉगिंग/डी.डी.टी. छिड़काव और मच्छरदानियों के वितरण की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button