गोड्डा

नगरपालिका आम निर्वाचन को लेकर डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को किया गया रवाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
गोड्डा। नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेज, सिकटिया स्थित डिस्पैच सेंटर से मतदान कर्मियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए विधिवत रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त के द्वारा डिस्पैच सेंटर पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सामग्री वितरण, मतदान दलों की उपस्थिति, परिवहन व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने गोड्डा एवं महागामा अनुमंडल में होने वाले चुनाव की गतिविधियों को निरंतर नजर रखने हेतु अनुमंडल पदाधिकारी, गोड्डा मोवाईल नंबर – 9572102423 एवं अनुमंडल पदाधिकारी महागामा के फोन नंबर 7542959977  पर संबंधित पदाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए गए।साथ ही सभी मतदान दलों को समयबद्ध तरीके से आवश्यक मतदान सामग्री उपलब्ध कराते हुए उन्हें सुरक्षित रूप से मतदान केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान कर्मियों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करें। कार्यक्रम के दौरान सभी मतदान कर्मियों को मतपेटी खोलने एवं लगाने हेतु प्रशिक्षण दिया गया। ताकि मतदान सुचारू रूप से संपन्न कराया जा सके। पुलिस अधीक्षक द्वारा सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील एवं अति – संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है तथा आवश्यकतानुसार गश्ती दलों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है।डिस्पैच सेंटर पर मतदान कर्मियों को मतपेटी, आवश्यक प्रपत्र, सील, स्टेशनरी एवं अन्य निर्वाचन सामग्री सुव्यवस्थित ढंग से उपलब्ध कराई गई। परिवहन के लिए पर्याप्त संख्या में वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनकी निगरानी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा की जा रही थी। इस दौरान उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे के द्वारा डिस्पैच व्यवस्था का निरीक्षण कर बताया गया कि सभी मतदान दल निर्धारित समय पर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच सुनिश्चित करें तथा मतदान सामग्री का मिलान कर विधिवत प्राप्ति करें। सभी कर्मियों को मतदान सामग्री की सुरक्षा, मतदान प्रक्रिया की गोपनीयता तथा आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सेक्टर पदाधिकारियों एवं संबंधित प्रभारियों को सतत निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं विधि सम्मत तरीके से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। प्रशासन ने आम मतदाताओं से भी अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें एवं लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
मौके पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जनमंडल पदाधिकारी महागामा आलोक वरण केसरी, अनुमंडल पदाधिकारी पुलिस पदाधिकारी अशोक प्रियदर्शी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महागामा, चंद्रशेखर आजाद, पुलिस उपाधीक्षक हेड क्वार्टर जेपीएन चौधरी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रितेश जयसवाल, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश पूर्णेन्दु, जिला समाजिक सुरक्षा पदाधिकारी अभय कुमार झा संबंधित निर्वाची पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी कंचन कुमारी भुदोलिया, जिला पशुपालन पदाधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button