गोड्डा

साइकिल वाला उम्मीदवार  20 साल अखबार बांटने वाला दुर्गा सोरेन अब चेयरमैन की दौड़ में

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा : जिले के महागामा नगर पंचायत में पहली बार चुनावी बिगुल बज चुका है। सीट ST के लिए आरक्षित है और इसी बीच चुनावी मैदान में एक ऐसा चेहरा उतर आया है, जिसने पूरे इलाके की सियासत में हलचल मचा दी है। नाम है—दुर्गा सोरेन।
बीते 20 सालों से साइकिल पर अखबार बांटने वाला यह शख्स अब चेयरमैन की कुर्सी का दावेदार है। जहां दूसरे उम्मीदवारों के पोस्टर-बैनर और गाड़ियों का काफिला नजर आ रहा है, वहीं दुर्गा सोरेन अब भी अपनी पुरानी साइकिल के सहारे मोहल्ले-मोहल्ले पहुंच रहे हैं। खुद के लिए पैसे नहीं, लेकिन जनता के लिए मैदान में दुर्गा सोरेन के पास चुनाव में खर्च करने के लिए मोटी रकम नहीं है। हालात ऐसे हैं कि उन्हें कई बार समर्थक ही खाना खिला रहे हैं। लेकिन वे कहते हैं, हम साइकिल से अखबार बांटते हैं, इसलिए जनता के दर्द को करीब से जानते हैं। हर गली, हर मोहल्ला हमारी नजर में है। जहां सड़क टूटी है, जहां नाली जाम है, जहां पानी की किल्लत है सब देखा है, सब समझा है।
महागामा की गलियों में सुबह-सुबह साइकिल की घंटी बजाते दुर्गा सोरेन को लोग वर्षों से जानते हैं। अब वही साइकिल उनकी चुनावी पहचान बनती जा रही है। उनका कहना है कि हमने नेताओं को अखबार में पढ़ा है, अब जनता के लिए काम करके दिखाना है। महागामा नगर पंचायत का यह पहला चुनाव है, ऐसे में जनता की उम्मीदें भी बड़ी हैं। ST आरक्षित सीट होने की वजह से मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। एक तरफ संसाधनों से लैस उम्मीदवार, तो दूसरी तरफ जमीनी संघर्ष से निकला साइकिल वाला प्रत्याशी। अब देखना यह है कि महागामा की जनता चमक-दमक को चुनती है या संघर्ष की साइकिल को। फैसला जनता के हाथ में है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button