दिनदहाड़े सिसाना में 25 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत। जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जानकारी के अनुसार दिल्ली–सहारनपुर रोड, सिसाना के पास विनोद गोयल के भट्टे के सामने बाइक सवार युवक को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी।
मृतक की पहचान अंकुर (उम्र लगभग 25 वर्ष), पुत्र उदयवीर, निवासी ग्राम बाघू के रूप में हुई है। वह अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP-17 E 3555 से जा रहा था। दोपहर लगभग 1:20 बजे बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने अंकुर को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु मोर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक पृथ्वीराज डिग्री कॉलेज से एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। अचानक हुई इस वारदात से परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या किन कारणों से की गई, यह जांच का विषय है। बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार: प्रथम दृष्टया मामला रंजिश या आपसी विवाद से जुड़ा हो सकता है, हालांकि सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
वारदात के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।



