खैरथल
सिंधु प्रेस क्लब (SPC) का गठन, दिनेश माखीजा अध्यक्ष और प्रमोद केवलानी महासचिव मनोनित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल। खैरथल के मातोर रोड स्थित एक निजी होटल में खैरथल, किशनगढ़बास और मुंडावर क्षेत्र के सिंधी समाज से जुड़े पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक केवल एक औपचारिक संवाद नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना, पत्रकारिता की दशा-दिशा और संगठनात्मक मजबूती की दृष्टि से एक ऐतिहासिक पहल साबित हुई। बैठक का उद्देश्य समाज में सक्रिय पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करना, पत्रकारों की समस्याओं पर विचार-विमर्श करना और समाज हित में कार्य करने के लिए एक सशक्त संगठन का निर्माण करना था।
पत्रकारों ने समाज में अपनी सक्रिय भूमिका को रेखांकित करते हुए एक स्थायी, संगठित और उद्देश्यपूर्ण संस्था की आवश्यकता पर बल दिया। इसी क्रम में सिंधु प्रेस क्लब (SPC) के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सभी पत्रकारों ने सर्वसम्मति से स्वीकार किया।
नवनियुक्त अध्यक्ष दिनेश माखीजा ने अपने वक्तव्य में कहा, “सिंधु प्रेस क्लब केवल पत्रकारों का संगठन नहीं, बल्कि एक विचार है—जो समाज में पत्रकारों की भूमिका को सम्मान, जिम्मेदारी और प्रभाव के साथ प्रस्तुत करने का माध्यम बनेगा। हम पत्रकारों को संगठित कर ऐसा मंच देंगे, जो उनकी आवाज़ को बुलंद करे और सामाजिक निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाए।” उन्होंने यह भी कहा कि क्लब भविष्य में शिक्षा, समाज सेवा और सांस्कृतिक आयोजनों में भी भागीदारी करेगा।
बैठक में दौलत भारती, नारायण दास मनवानी, कमलेश पमनानी, नरेश गुनानी, संजय लालवानी, लोकेश रोघा, रूपचंद भारती, हीरालाल भूरानी, सुनील बत्रा, हीरु हरवानी, किशनलाल रोघा, आशीष रोघा, विन्नी भारती, अटल कुमार लेखवानी और रवि दासवानी सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने अपने विचार साझा किए और सिंधु प्रेस क्लब की स्थापना को सिंधी समाज की पत्रकारिता के क्षेत्र में एक सकारात्मक, ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय बताया।


