झारखण्ड में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से रबी फसलों को नुकसान की आशंका
Weather changes in Jharkhand, rain threatens to damage Rabi crops

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है। पाकुड़ के आस-पास गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे, जबकि दोपहर में हल्की धूप निकली। हालांकि शाम ढलते ही रात करीब 8 बजे के बाद फिर से बादल घिर आए और हल्की बारिश शुरू हो गई। ईद-उल-फितर के मौके पर भी मौसम का यही मिजाज देखने को मिला। सुबह के समय हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसके बीच लोगों ने नमाज अदा की और पर्व का शांतिपूर्ण माहौल बना रहा। लेकिन दोपहर बाद एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही इस बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है। असमय बारिश के कारण रबी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। खासकर पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनीरामपुर, इलामी, पृथ्वीनगर, गंधाईपुर, मानिकापाड़ा, रामचन्द्रपुर, चांदपुर और सीतापहाड़ी अन्य पंचायतों में पियाज (प्याज़), लहसुन समेत अन्य रवि फसलों को भारी क्षति पहुंचने की सम्भावना व्यक्त की जा रही है। किसानों का कहना है कि यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो फसलों को व्यापक नुकसान हो सकता है। ऐसे में स्थानीय किसानों ने प्रशासन से स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक कदम उठाने और राहत प्रदान करने की मांग की है।



