गोड्डा
पतरातू में 7वां झारखंड स्टेट योगासन प्रशिक्षण शिविर संपन्न
गोड्डा के 7 प्रतिभागियों ने बढ़ाया मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मिडवे रिसॉर्ट में जजों व कोचों को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व सम्मान
गोड्डा : पतरातू योगासन खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ झारखंड के तत्वावधान में आयोजित “7वां झारखंड स्टेट योगासन जजों एवं कोचों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 2026-27” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। पतरातू स्थित मिडवे रिसॉर्ट में 20 मार्च से 22 मार्च तक आयोजित इस तीन दिवसीय ऑफलाइन प्रशिक्षण शिविर (पूर्व में 5 दिवसीय ऑनलाइन सत्र) के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को सम्मानित कर विदाई दी गई। कार्यक्रम के समापन समारोह में एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज तिवारी, बिपिन पांडे सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मनोज तिवारी ने कहा कि इस प्रशिक्षण से राज्य को कुशल तकनीकी अधिकारी मिले हैं, जो भविष्य में झारखंड के योगासन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएंगे। तीन दिनों तक चले इस गहन प्रशिक्षण शिविर में झारखंड के 20 जिलों से आए लगभग 80 प्रतिभागियों को योगासन के नवीनतम नियमों और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। गोड्डा जिला योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव प्रदीप कुमार ठाकुर के नेतृत्व में जिले से कुल 7 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कोच प्रशिक्षण में प्रिया कुमारी, प्रदीप कुमार ठाकुर एवं बबीता कुमारी शामिल रहे, जबकि जज प्रशिक्षण में शिवशंकर पंडित, मनोज टुडू, पिंकी गुप्ता एवं अनंत कुमार ने भागीदारी निभाई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की विशेष कक्षाएं आयोजित की गईं, जिसके बाद उनकी योग्यता की जांच के लिए परीक्षा ली गई। परीक्षा परिणाम की घोषणा के साथ ही सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में नव-प्रशिक्षित जजों एवं कोचों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के सचिव चंदू शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह, सह सचिव मलय डे, संजय कुमार सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस प्रशिक्षण शिविर के सफल समापन के साथ ही झारखंड में योगासन को एक संगठित खेल के रूप में और मजबूती मिली है। अब राज्य के पास प्रशिक्षित तकनीकी टीम उपलब्ध है, जो आगामी प्रतियोगिताओं का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कर सकेगी।



