जामताड़ा

डिजिटल तरीके से होगी जनगणना 2027 की शुरुआत, जामताड़ा में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

Census 2027 to be conducted digitally, training programme begins in Jamtara

नेशनल प्रेस टाइम से ब्यूरो
जामताड़ा: भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर सोमवार को समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त सह प्रधान जनगणना पदाधिकारी रवि आनंद (भा.प्र.से.) ने की। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन उपायुक्त रवि आनंद, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सुजीत कुमार सिंह एवं जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी संतोष कुमार घोष सहित अन्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जनगणना 2027 एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी शुरुआत लंबे अंतराल के बाद हो रही है। कोविड-19 के कारण पूर्व में प्रस्तावित जनगणना नहीं हो पाई थी। उन्होंने बताया कि यह पहली बार होगा जब जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसके लिए प्रगणकों को विशेष मोबाइल एप्लीकेशन के जरिए आंकड़ों का संग्रहण करना होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की त्रुटि नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसे पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करना आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना निदेशालय के उप निदेशक द्वारा अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें डाटा संग्रहण, समय पर अपलोडिंग एवं निर्धारित प्रणाली में सिंक्रोनाइजेशन की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। साथ ही कार्य की समय-सीमा के बारे में भी जानकारी दी गई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इस मौके पर जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button