पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर पाकुड़ में सुरक्षा तैयारियां तेज, सीमावर्ती क्षेत्रों में चेकपोस्ट का निरीक्षण
Security preparations intensified in Pakur for West Bengal elections, checkposts inspected in border areas.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़, 23 मार्च 2026: आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर झारखंड के सीमावर्ती जिला पाकुड़ में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में पाकुड़ अंचलाधिकारी अरविन्द कुमार बेदिया एवं पाकुड़ मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार ने संयुक्त रूप से पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे ग्राम चंडीतल्ला का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मिरर चेकपोस्ट अधिष्ठापित करने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया तथा वहां सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। बताया गया कि इस चेकपोस्ट के माध्यम से सीमावर्ती गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके। वहीं 23 मार्च 2026 को ही डीएसपी मुख्यालय जितेन्द्र कुमार द्वारा भी पश्चिम बंगाल सीमा से लगे चांदपुर एवं इस्लामपुर चेकपोस्ट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां तैनात दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीएसपी ने अधिकारियों को सख्त निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा वाहनों की सघन जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान शांति एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा लगातार किए जा रहे इन निरीक्षणों से स्पष्ट है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और हर स्तर पर कड़ी चौकसी रखी जाएगी



