भरत पुर
राज्य सरकार की सुशासन एवं त्वरित समाधान पहल
ग्राम कुम्हां की रात्रि चौपाल में सुनी गईं आमजन की समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भरतपुर। समस्याओं का उनके द्वार पर ही त्वरित, पारदर्शी एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायत समिति कुम्हेर के ग्राम कुम्हां में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कलक्टर उत्सव कौशल की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में ग्रामीण अंचल की आधारभूत समस्याओं और विकासात्मक आवश्यकताओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
चौपाल के दौरान स्थानीय ग्रामीणों एवं परिवादियों द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित परिवाद प्रस्तुत किए गए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से जल जीवन मिशन के अंतर्गत सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, पात्र कृषकों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने तथा इसके नवीन आवेदनों की ऑनलाइन प्रक्रिया पूर्ण कराने से संबंधित प्रकरण प्रमुखता से सामने आए। इसके अतिरिक्त, रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा पास बनवाने, सौंख रोड से कुम्हां गांव तक आने वाले मुख्य संपर्क मार्ग की मरम्मत करवाने तथा विगत खरीफ फसल के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने के संबंध में भी ग्रामीणों द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए। ग्रामीण आस्था और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए गांव के मंदिर परिसर में हैंडपंप स्थापित करवाने, अंचल में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने और राजस्व विभाग से संबंधित भूमि के नामांतरण (दाखिला-खारिज) जैसे महत्वपूर्ण परिवाद भी जनसुनवाई में रखे गए।
प्राप्त समस्त परिवादों पर पूर्ण संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए, मौके पर उपस्थित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे राज्य सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों के अनुरूप इन सभी समस्याओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। अधिकारियों से यह अपेक्षा की गई है कि वे प्रत्येक परिवाद का भौतिक सत्यापन कर त्वरित कार्यवाही करें, ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को भी सुशासन का वास्तविक लाभ और त्वरित राहत प्राप्त हो सके।


