असम

असम के मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा ने नगांव में की चुनावी तैयारियों की बारीकी से समीक्षा। 

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 

असम के मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा ने आज गुरुवार को नगांव जिले का दौरा कर जिले की समग्र चुनावी तैयारियों का जायजा लिया। इस उद्देश्य से नगांव जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित विशेष बैठक में भाग लेते हुए उन्होंने चुनाव संचालन से जुड़े विभिन्न कोशलों की कार्यक्षमता की बारीकी से समीक्षा की। मुख्य सचिव ने बैठक में चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने प्रत्येक कोशल के अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने के कड़े निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी तथा जिला आयुक्त देवाशीष शर्मा ने डेटा समृद्ध पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले की चुनावी तैयारियों का समग्र चित्र प्रस्तुत किया। शर्मा ने मतदान केंद्रों का इंफ्रास्ट्रक्चर, ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के संरक्षण व परीक्षण, मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण तथा मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों की प्रगति से मुख्य सचिव को अवगत कराया। नगांव जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने चुनावकालीन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई व्यवस्थाओं का ब्योरा दिया। उन्होंने विशेष रूप से संवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध सामग्री की आपूर्ति रोकने हेतु तलाशी अभियान तेज करने तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के तैनाती की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। आज की इस महत्वपूर्ण बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के रिटर्निंग अधिकारी, अतिरिक्त आयुक्त, निर्वाचन अधिकारी सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के शीर्ष अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने निर्वाचन को बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्य सचिव डॉ. कोटा ने प्रशासन की तत्परता पर संतुष्टि जाहिर करते हुए किसी भी आपात स्थिति से निपटने हेतु सतर्क रहने की सलाह दी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button