बरेली
कौन बनेगा सपा जिलाध्यक्ष ? हाईकमान ने बरेली के नेता बुलाए

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप को हटाए जाने के बाद उनकी जगह किसकी ताजपोशी होगी, इसे लेकर हाईकमान स्तर पर कवायद तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष के नाम पर चर्चा को बरेली से सपा के सभी विधानसभा अध्यक्ष बुलाए गए हैं। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी को भी बुलावा आया है। पार्टी में पीडीएम फार्मूले पर फोकस के बीच बरेली में कौन बनेगा जिलाध्यक्ष की कहानी किस ओर जाने वाली है, कई तरह की चर्चाएं चल पड़ी हैं।
विधानसभा और पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच बरेली जिले में सपा की बारात बिन ”दूल्हे” के नजर आ रही है। शिवचरन कश्यप की जिलाध्यक्षी जाने को काफी समय बीत चुका है, लेकिन पाटी अभी तक नए जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर नहीं लगा सकी है। मसला चाहे चुनावी हो या संगठन का, बरेली के समाजवादी नेताओं की आपसी खींचतान की कहानी किसी से छिपी नही हैं। खासतौर पर यादव बिग्रेड, में, जहां जिलाध्यक्ष पद के लिए दावेदार तो कई हैं मगर परदे के पीछे रस्साकशी भी खूब है।
पार्टी से सूत्र बताते हैं कि गुटबाजी और आपसी तनातनी को खत्म करने के लिए हाईकमान बरेली पर बहुत सोच-विचार कर फैसला लेने के मूड में है। जिलाध्यक्ष कोई भी बने, इसे लेकर आखिरी फैसला सपा प्रमुख अखिलेश यादव ही लेने वाले हैं। शिवचरन कश्यप को हटाए जाने के बाद से ही दावेदार बरेली से लखनऊ तक लगातार दौड़ लगा रहे हैं।



