बरेली

एक अप्रैल से चलेगा स्कूल चलो अभियान

कोई बच्चा शिक्षा से न रहे वंचित              

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिले में कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, हर हाथ में किताब हो और हर आंख में भविष्य के सपने चमकें। इसी उद्देश्य के साथ बेसिक शिक्षा विभाग एक अप्रैल से स्कूल चलो अभियान शुरू करेगा। यह अभियान गांव की गलियों से लेकर शहर की बस्तियों तक, हर घर दस्तक देकर शिक्षा की रोशनी फैलाने का संकल्प लिए होगा। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व स्पेशल एजुकेटर भी इस अभियान से जुड़कर इसे धार देंगे। इसमें छह से 14 वर्ष की आयु के उन बच्चों की पहचान कर नामांकन कराया जाएगा, जो किसी वजह से शिक्षा से वंचित रह गया हो या पढ़ाई बीच में ही छोड़ चुके हैं।
जिले के 2486 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक व कंपोजिट विद्यालय हैं। पिछले सत्र में कुल नामांकन 280496 था। स्कूलों का विलय होने के बाद यह संख्या कुछ कम हुई। इसलिए नए सत्र में बच्चों का नामांकन बढ़ाने पर विशेष जोर होगा। स्कूल चलो अभियान का पहला चरण एक से 15 अप्रैल तक और दूसरा चरण एक जुलाई से 15 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान शिक्षकों और संबंधित विभागों की टीम घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और ऐसे बच्चों को चिन्हित करेगी जो स्कूल नहीं जा रहे हैं या बीच में पढ़ाई छोड़ चुके हैं। तीन वर्ष की आयु पूरी कर चुके बच्चों को आंगनबाड़ी या बालवाटिका में प्रवेश कराया जाएगा। वहीं छह वर्ष के बच्चों को कक्षा एक में प्रवेश दिलाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सात से 14 वर्ष आयु वर्ग के ड्रॉपआउट बच्चों को दोबारा स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button