उपायुक्त ने एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारम्भ, बच्चियों को बांटे प्रमाण पत्र
Deputy Commissioner inaugurated HPV vaccination campaign, distributed certificates to girls

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम के तहत पाकुड़ जिले के पुराने सदर अस्पताल में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला भीवीडी पदाधिकारी एवं जिला यक्ष्मा पदाधिकारी सहित कई स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई तथा लाभुकों के बीच टीकाकरण प्रमाण पत्र भी वितरित किए गये। सिविल सर्जन डॉ. सुरेन्द्र कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन विश्व के कई देशों में सफलतापूर्वक उपयोग की जा रही है। साथ ही उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें और अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। उपायुक्त मनीष कुमार ने इस पहल को जिले के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा यह वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है, जो जनहित में एक सराहनीय कदम है। उन्होंने इसे बच्चियों के लिए “सुरक्षा कवच” बताते हुए अभिभावकों से 14 एवं 15 वर्ष की सभी बच्चियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह वैक्सीन शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर भविष्य में गंभीर बीमारियों से बचाव में सहायक होती है। इस अवसर पर टीबी मरीजों के बीच निक्षय किट का भी वितरण किया गया, जिससे उनके पोषण एवं स्वास्थ्य में सुधार सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने नेत्र जांच केंद्र, एएनसी कक्ष, ओपीडी तथा दवा वितरण काउंटर का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वयं अपना नेत्र परीक्षण भी कराया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।



