पीएम ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्षगांठ को किया राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस- अशोक भगत
PM declares 150th birth anniversary of Dharti Aba Bhagwan Birsa Munda as National Tribal Pride Day - Ashok Bhagat

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह- महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता को सम्बोधित किया। इस प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष अमृत पाण्डेय, जिला महामंत्री रूपेश भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष विवेकानंद तिवारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, अजजा मोर्चा प्रदेश मंत्री अनिता मुर्मू, वरिष्ठ नेता विश्वनाथ भगत, सपन दुबे उपस्थित हुए। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सह महगामा के पूर्व विधायक अशोक भगत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनजाति समाज के सर्वांगीण विकास करने के साथ उनके सम्मान, गौरव को बढ़ाने के लिए संकल्पित और समर्पित है। बार बार भाजपा संगठन और सरकारों ने इस भाव को धरातल पर उतारा है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150 वीं जयंती वर्षगांठ को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित किया। यह बताता है कि झारखंड का जनजाति समाज,यहां की भाषा संस्कृति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दिल में बसता है। यह जनजाति गौरव दिवस केवल जनजाति समाज का ही सम्मान नहीं बल्कि झारखंड के साढ़े तीन करोड़ जनता का सम्मान है। इसके पूर्व भी भाजपा की सरकार ने ही श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में अलग झारखंड राज्य का सपना साकार किया। अलग राज्य गठन की तिथि भी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को ही निर्धारित किया गया। प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक भगत जी ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि भाजपा की सरकार झारखंड के अमर बलिदानी महापुरुषों ,योद्धाओं की सोच के अनुरूप झारखंड राज्य का विकास चाहती है। जल, जंगल, जमीन की सुरक्षा, भाषा संस्कृति,परंपरा का सम्मान चाहती है।अटल जी की सरकार ने ही केंद्र में अलग आदिवासी मंत्रालय बनाए। संथाली भाषा को भारतीय संविधान की 8वीं अनुसूची में शामिल किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार आदिवासी समाज के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही। गरीब कल्याण केलिए चलाई जा रही योजनाओं में आदिवासी समाज की बड़ी आबादी लाभान्वित हो रही है।प्रधानमंत्री आवास,आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना, गरीब कल्याण अन्न योजना का लाभ मिल रहा है। इसके अलावा जनजाति गांवों और समाज की उन्नति के लिए मोदी सरकार ने 24 हजार करोड़ पीएम जन मन योजना प्रारंभ की है। आदिवासी बच्चों की पढ़ाई केलिए एकलव्य आवासीय विद्यालय योजना का विस्तार किया है।मोदी सरकार में झारखंड सहित पूरे देश के अनेक प्रतिभावान व्यक्तित्व को चुन चुन कर पद्म सम्मान से सम्मानित किया। भगवान बिरसा मुंडा ने जहां अंतिम सांस ली उस परिसर और कक्ष को भव्य संग्रहालय के रूप में मोदी सरकार ने विकसित किया है।अंडमान निकोबार द्वीप समूह में एक द्वीप का झारखंड के अमर बलिदानी जनजाति सपूत शहीद अल्बर्ट के नाम पर द्वीप का नामकरण किया। उन्होंने कहा कि आज झारखंड पूर्व में राज्यपाल रहीं द्रौपदी मुर्मू जी जिनका झारखंड से गहरा नाता है देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद महामहिम राष्ट्रपति पद को सुशोभित कर रही हैं। ये जनजाति समाज की पहली महिला राष्ट्रपति हैं। आज को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस को भाजपा प्रदेश भर में उत्सव के रूप में मनाएगी। जिसमें कई कार्यक्रम होंगे। 14 और 15 नवंबर को पूरे प्रदेश में भगवान बिरसा मुंडा और जनजाति समाज के शहीद,महापुरुषों की प्रतिमाओं की सफाई की जाएगी, और दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया जायेगा। पाकुड़ जिले में शोभा यात्राएं, जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन होंगे।



