टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों को कार से कुचलने का जानलेवा प्रयास
सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार किया….
हापुड (यूपी) – हापुड़ में गढ़ टोल प्लाजा पर कार सवार युवकों ने टोल कर्मचारियों को कुचलने की जानलेवा कोशिश कर दी । कार चालक ने टोल कर्मियों से विवाद के बाद अचानक टोल कर्मियों पर कार दौड़ा दी , जिससे जान बचाकर टोल कर्मचारी भाग निकले । घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई । गढ़ कोतवाली क्षेत्र के ब्रजघाट टोल प्लाजा का बताया जा रहा है वीडियो।
उत्तर प्रदेश के जनपद हापुड़ में गढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसे देखकर लोग हैरान रह गए । जानकारी के अनुसार गढ़ टोल प्लाजा के टोल सुपरवाइजर जहांगीर टोल कर्मियों के साथ मिलकर टोल से गुजरने वाली गाड़ियों से शुल्क वसूली देख रहे थे , इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की कार में दो व्यक्ति टोल शुल्क न देकर जबरन निकलने लगे जिससे उन्होंने टोलकर्मियों से बहस शुरू कर दी । जिसके बाद कार सवार युवकों ने गुस्से में टोल कर्मचारियों को कार से कुचलने का दो बार प्रयास किया । घटना के दौरान टोल कर्मचारियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई और इधर-उधर दौड़ने लगे । जबकि कार सवार मौके से भाग निकले । लेकिन टोल कर्मी भी कार के पीछे भागे तो जाम में कार फंसने के कारण कार सवार दोनों युवकों को टोलकर्मियों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया ।
इस मामले की जानकारी देते हुए टोल सुपरवाइजर जहांगीर ने बताया कि, मैं साथी टोलकर्मियों के साथ मिलकर टोल से गुजरने वाली गाड़ियों से शुल्क वसूली की चेकिंग कर रहा था , इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की कार में दो व्यक्ति टोल शुल्क न देकर जबरन निकलने लगे और टोल बूथकर्मियों से बहस करने लगे । मैने उन्हें रोका जिसके बाद उन्होंने मुझे और मेरे साथी टोल कर्मचारियों को कार से कुचलने का दो बार प्रयास किया । हमने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई । हमने भाग रहे कार सवारो को जाम में फंसने के कारण पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया ।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि, कार सवार का टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों से झगड़ा हुआ था । सीसीटीवी फुटेज में कार सवार हमला करते दिखाई दे रहा है । आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है , और कार को बरामद किया गया है । विधिक कार्यवाही की जा रही है ।



