प्रशासन की नाक के नीचे फिर सज गया अवैध बुध बाजार
खुरगान रोड पर धड़ल्ले से लग रही सैकड़ों दुकानें, जाम से हलकान लोग; अनुमति से पालिका का साफ इंकार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। नगर में अवैध बुध बाजार का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। खुरगान रोड पर बिना अनुमति के हर बुधवार को सजने वाला बुध बाजार एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही और ढिलाई की तस्वीर बन गया है। खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठे नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार खुरगान रोड पर हर सप्ताह सैकड़ों अस्थायी दुकानें लगाकर अवैध बुध बाजार सजाया जा रहा है। बाजार लगते ही मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। राहगीरों और वाहन चालकों को घंटों जाम से जूझना पड़ता है, लेकिन न तो पुलिस और न ही नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई होती दिखाई दे रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बिना अनुमति बाजार लगाए जाने से न केवल यातायात बाधित हो रहा है, बल्कि सड़क किनारे अतिक्रमण भी तेजी से बढ़ रहा है। आलम यह है कि एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों के निकलने तक की जगह नहीं बचती। इसके बावजूद प्रशासन की खामोशी कई सवाल खड़े कर रही है। लोगों का आरोप है कि अवैध रूप से लग रहे इस बाजार के पीछे कुछ लोगों का संरक्षण भी हो सकता है, तभी खुलेआम नियमों की अनदेखी की जा रही है। यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से अवैध बुध बाजार की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके। गौरतलब है कि इससे पूर्व तहसील प्रशासन ने छापेमारी कर बुध बाजार को बंद कराया था और दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी थी। कुछ समय तक बाजार बंद भी रहा, लेकिन अब कथित सांठगांठ के चलते फिर से नियमों को ठेंगा दिखाकर बाजार लगाया जा रहा है। वहीं नगर पालिका प्रशासन ने इस बाजार को किसी भी प्रकार की अनुमति देने से साफ इंकार किया है। अब सवाल यह है कि प्रशासन अवैध बुध बाजार पर कब तक खामोश रहेगा या फिर नियमों का पालन कराने के लिए सख्त कदम उठाएगा।



