
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
फरीदपुर, बरेली : थाना फरीदपुर क्षेत्र के ग्राम बकानिया निवासी शोभा पत्नी राजकुमार ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग को लेकर उत्पीड़न, मारपीट और जानलेवा हमले का गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता शोभा ने बताया कि उसकी शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व 20 फरवरी 2024 को हिंदू रीति-रिवाज से राजकुमार पुत्र रमेश निवासी ग्राम बकानिया के साथ हुई थी, जिसमें उसके भाई वेद प्रकाश द्वारा करीब साढ़े तीन लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान दिया गया था। शादी के कुछ समय बाद ही पति, ससुर रमेश कुमार, देवर नीतीश कुमार व अन्य ससुराल पक्ष के लोग दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग करने लगे। जब शोभा ने अपने भाई की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए असमर्थता जताई, तो उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।आरोप है कि बीते वर्ष उसके पति ने उसे डंडों से बुरी तरह पीटा और बचाव के लिए छत पर भागने पर भी उसे नहीं छोड़ा, बल्कि जबरन छत से धक्का दे दिया, जिससे उसकी रीढ़ में गंभीर चोट आई और वह एक माह तक बिस्तर पर रही। इस दौरान ससुराल पक्ष ने उसका इलाज भी नहीं कराया।पीड़िता ने बताया कि 31 मार्च 2026 को जब उसकी मां घर पहुंचीं, तो ससुराल पक्ष के लोगों ने उन्हें भी अपमानित कर घर से भगा दिया। इसके बाद वह अपनी मां के साथ 1 अप्रैल 2026 को थाना फरीदपुर पहुंची और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


