
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। गोमिया प्रखंड अंतर्गत स्वांग उत्तरी पंचायत के गांधी ग्राम में पंचायत के मुखिया बिनोद कुमार विश्वकर्मा, प्रखंड एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयास से एक नाबालिक लड़की का बाल विवाह रोका गया। इस संबंध में मुखिया ने बताया कि सूचना मिलते ही गांधी ग्राम पहुंचा और इसकी सूचना बीडीओ महादेव कुमार महतो सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को दिया। वहीं नाबालिक बच्ची के परिजनों को समझाया कि 18 वर्ष से कम उम्र में विवाह करना कानूनन अपराध है और इससे लड़की के भविष्य पर नकारात्मक असर पड़ता है। साथ ही, लड़की की शिक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए उसे आगे पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं प्रखंड प्रशासन ने उसे छात्रवृत्ति देने, निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने और स्कूल से जोड़कर रखने का आश्वासन दिया। इस पहल से एक बच्ची का भविष्य सुरक्षित हुआ और समाज में बाल विवाह के खिलाफ सकारात्मक संदेश गया। वहीं बाल विवाह रुकने से क्षेत्र के लोगों ने भी मुखिया बिनोद कुमार विश्वकर्मा के सकारात्मक कार्य की सराहना किया।



