रोटरी इंटरनेशनल बड़ौत शाखा के संजय जैन बने मंडल 3100 के असिस्टेंट गवर्नर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बड़ौत (बागपत) : रोटरी इंटरनेशनल की बड़ौत शाखा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं समाजसेवी संजय जैन (मूलचंद जैन पाइप वाले) को रोटरी इंटरनेशनल के मंडल 3100 का असिस्टेंट गवर्नर नियुक्त किया गया है। श्री जैन को यह महत्वपूर्ण पद वर्ष 2026–27 के लिए प्रदान किया गया है।
जैसे ही यह समाचार बड़ौत शाखा में पहुँचा, सदस्यों और पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने संजय जैन को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उनकी नियुक्ति को बड़ौत क्षेत्र के लिए गर्व की उपलब्धि माना जा रहा है।
गवर्नर पायल गौर ने दी शुभकामनाएँ
रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3100 की गवर्नर पायल गौर ने संजय जैन को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन, कार्यकुशलता और समर्पण से संगठन को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी। उन्होंने संजय जैन को प्रेरित किया कि वे निष्ठा और टीम भावना के साथ कार्य कर डिस्ट्रिक्ट 3100 को और सशक्त बनाएं।
स्थानीय पदाधिकारियों ने जताई खुशी
रोटरी 3100 के अध्यक्ष गौरव चौधरी, सेक्रेटरी अखिल जैन, वरिष्ठ सदस्य राजन शर्मा, जितेंद्र जैन, सुभाष जैन, मंजीत सिंह सहित अन्य सदस्यों ने संजय जैन के आवास पर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी और संगठन के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका
रोटरी बड़ौत शाखा के इमेज चेयरपर्सन प्रभात कुमार जैन ने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल जनसेवा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। संजय जैन की सक्रिय भागीदारी से आने वाले समय में इन क्षेत्रों में और भी व्यापक योजनाएँ एवं जनहितकारी गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी।
सामाजिक योगदान का सम्मान
संजय जैन लंबे समय से रोटरी संगठन के माध्यम से समाजसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुभव, नेतृत्व और समाजसेवी दृष्टिकोण को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। स्थानीय सामाजिक व व्यावसायिक संगठनों ने भी उन्हें इस सम्मानजनक पद पर चयनित होने पर बधाइयाँ दीं।



