हाफिजपुर पुलिस ने राह भटके दो मासूमों को घरवालों से मिलवाया…

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड – हापुड के थाना हाफ़िज़पुर पुलिस ने घर से निकलकर राह भटके दो मासूम बच्चों को उनके परिजनों से मिलवाया । हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार चौधरी ने सोमवार को सादिकपुर गाँव के पास लावारिस हालत में मिले दो मासूम बच्चों को कुछ ही घंटों में उनके परिजनों से मिलवा दिया। पुलिस की इस तत्परता ने थाना प्रभारी की तत्परता और मानवता की मिसाल पेश की है ।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर सादिकपुर गाँव के पास दो छोटे बच्चे अकेले घूमते हुए ग्रामीणों को दिखाई दिए। बच्चों को अकेला और परेशान देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना हाफ़िज़पुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और बच्चों को लेकर थाना हाफिजपुर ले गए ।
हाफिजपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि दोनों बच्चे काफी छोटे होने के कारण अपने घर का सही पता नहीं बता पा रहे थे। पुलिस ने बिना समय गंवाए सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर सूचना प्रसारित की। जिसके कारण बहुत ही कम समय में बच्चों के परिजनों का पता लगा लिया गया।
थाना परिसर में दोनों बच्चों को सही-सलामत देखकर परिजनों की आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने दोनों मासूम बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने हाफ़िज़पुर पुलिस को धन्यवाद बोलते हुए आभार व्यक्त किया है ।



