खुफिया इनपुट पर मंगलवार देर रात कैराना से हिरासत में लेकर की गई थी पूछताछ, आपत्तिजनक तथ्य न मिलने पर रिहा
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। खुफिया इनपुट के आधार पर आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) द्वारा कैराना कस्बे से हिरासत में लिए गए तीन युवकों को विस्तृत पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया। युवकों के घर लौटने पर उनके परिजनों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात एटीएस की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कैराना कस्बे में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। बताया जाता है कि खुफिया एजेंसियों को कुछ संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित इनपुट प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर एटीएस ने जांच की कार्रवाई शुरू की। सूत्रों के मुताबिक टीम युवकों को पूछताछ के लिए अपने साथ लेकर गई, जहां उनसे विभिन्न बिंदुओं पर गहन पूछताछ की गई। जांच एजेंसियों ने युवकों के मोबाइल फोन, संपर्कों और अन्य गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी जुटाई। पूछताछ के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री या अवैध गतिविधियों में संलिप्तता के ठोस साक्ष्य सामने नहीं आए। कानूनी प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक पूछताछ और सत्यापन के बाद एटीएस ने तीनों युवकों को छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि युवकों को औपचारिक गिरफ्तारी नहीं दिखाया गया था, बल्कि केवल पूछताछ के उद्देश्य से हिरासत में लिया गया था। बुधवार को युवकों के घर पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। देर रात हुई इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं भी चलती रहीं। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर एटीएस या स्थानीय पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना है कि खुफिया इनपुट मिलने पर जांच एजेंसियां सतर्कता के तौर पर पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई करती हैं। यदि जांच में कोई आपत्तिजनक तथ्य सामने नहीं आता है तो संबंधित व्यक्तियों को नियमानुसार छोड़ दिया जाता है। फिलहाल मामले में किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
