जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने गोदामों व केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
District Supply Officer inspected warehouses and centers and gave necessary instructions.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जिले में जन वितरण प्रणाली एवं खाद्य आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जेएसएफसी गोदामों सहित महेशपुर, पाकुड़िया एवं अमड़ापाड़ा क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण क्रम में महेशपुर स्थित धान अधिप्राप्ति केंद्र, दमदमा लैम्प्स लिमिटेड, पाकुड़िया प्रखंड के पाकुड़िया लैम्प्स लिमिटेड तथा अमड़ापाड़ा के आलूबेड़ा अधिप्राप्ति केंद्र का भी जायजा लिया गया। पदाधिकारी ने भंडारण व्यवस्था, खाद्यान्न वितरण प्रणाली तथा अभिलेखों की गहन जांच की और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, महेशपुर प्रखंड स्थित इंडियन गैस एजेंसी कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जहां गैस आपूर्ति व्यवस्था एवं उपभोक्ता सेवाओं की समीक्षा की गई। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ किए जाएं, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।



