अमरोहा
अमरोहा में गंगा में डूबे 3 भाइयों के शव मिले
भतीजे के मुंडन संस्कार में आए थे, नहाते समय बह गए थे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : गजरौला थाना क्षेत्र स्थित तिगरी गंगा धाम में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। भतीजे के मुंडन संस्कार में आए तीन सगे भाइयों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। 6 दिन की तलाश के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं।अमरोहा नगर के मोहल्ला दानिश मंदान निवासी रामपाल सिंह के चार पुत्रों में से तीन की मौत हुई है। 27 अगस्त को उनके बड़े पुत्र आकाश के बेटे विनायक का मुंडन संस्कार था। इस दौरान आकाश के तीनों छोटे भाई – ओमकार (27), बंटी (23) और अनुज (18) गंगा में नहाने गए थे।दोपहर तीन बजे तीनों भाई गंगा के बढ़े जलस्तर में नहाने के दौरान बह गए। पहाड़ी इलाकों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था। SDRF और पीएसी के गोताखोर लगातार तलाश में जुटे रहे।
तिगरी गांव के पास मिले शव
सोमवार शाम को ओमकार और बंटी के शव तिगरी गांव के पास मिले। गोताखोर अमित कुमार, विंटर ठाकुर, दिनेश पंडित और लोकेश ने शवों को बाहर निकाला। मंगलवार सुबह तीसरे भाई अनुज का शव भी तिगरी गांव के पास ही मिल गया।अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तीनों भाइयों की मौत से परिवार में मातम पसरा है l




