
“मेहनत की कमाई लौटाओ” के नारों के साथ सौंपा ज्ञापन
शनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल। समीपवर्ती ग्राम मातौर की नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड द्वारा जमाकर्ताओं की करोड़ों रुपये की राशि गबन किए जाने के मामले में बुधवार को महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। ग्राम मातोर सहित आसपास के क्षेत्रों से आई सैकड़ों महिलाओं ने जिला कलक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने “हमारी जमा राशि वापस करो” और “दोषियों को सजा दो” जैसे नारों के साथ अपना आक्रोश जताया। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में आवेदन पत्र लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्रित हुईं और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की।
महिलाओं ने बताया कि उन्होंने अपनी जीवनभर की बचत और मेहनत की कमाई नवअंश इंडिया निधि लिमिटेड में जमा करवाई थी, लेकिन कंपनी के संचालकों और प्रबंधकों द्वारा करोड़ों रुपये की राशि हड़प ली गई। इससे सैकड़ों परिवारों की आर्थिक स्थिति डगमगा गई है और कई घरों में रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मामले में रजिस्ट्रार सहकारी समिति जयपुर एवं रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज द्वारा 11 फरवरी 2026 को सब-रजिस्ट्रार सहकारी समिति खैरथल को सक्षम प्राधिकारी नियुक्त किया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने सब-रजिस्ट्रार पर लापरवाही और उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि न तो उनके प्रार्थना-पत्र लिए जा रहे हैं और न ही किसी प्रकार की संतोषजनक कार्यवाही की जा रही है।महिलाओं ने जिला कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में मांग की कि सब रजिस्ट्रार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पीड़ित जमाकर्ताओं को उनकी जमा राशि शीघ्र वापस दिलाई जाए।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन को और उग्र रूप देंगी तथा बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगी।


