
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। पंचायत समिति तिजारा की ग्राम पंचायत शाहबाद में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में आमजन की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान बिजली, पानी, रास्ता, पट्टा, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जोड़ने सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 53 परिवाद प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश देकर 12 प्रकरणों का निस्तारण कराया, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान के लिए संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक लंबित न रखा जाए और शीघ्र ही समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कोई मामला उनके स्तर से बाहर हो तो उच्चाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही परिवादियों से व्यक्तिगत संपर्क बनाकर निस्तारण प्रक्रिया को प्रभावी बनाने और औसत निपटान समय में सुधार लाने के निर्देश भी दिए।


