ललितपुर
वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक संपन्न
अमझरा धाम हनुमान मंदिर परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की पूर्व निर्धारित बैठक 1008 श्रीहनुमान मंदिर, अमझरा धाम में हनुमान जन्मोत्सव की छठी एवं मां कामाख्या देवी के स्थापना दिवस पर आयोजित की गई। कार्यक्रम में हरेंद्र शाह बुन्देला राजू राजा, राव साहब नाराहट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समिति के संरक्षक पं.प्रताप नारायण दीक्षित विशिष्ट अतिथि रहे। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष बाबू गंधर्व सिंह लोधी ने की तथा संचालन महासचिव जयशंकर प्रसाद द्विवेदी ने किया। शुरुआत मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन, आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ हुई। इस दौरान सभी वरिष्ठजनों ने भगवान हनुमान, मां कामाख्या देवी एवं व्यासजी महाराज के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूजन के उपरांत ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने समाज में बढ़ती नशाखोरी की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसे समाप्त करने का आह्वान किया। साथ ही परिवार में वरिष्ठ एवं युवा वर्ग के बीच संवाद बढ़ाने, जीवन जीने की कला सिखाने तथा कठिन परिस्थितियों में मेहनत और ईमानदारी के साथ जीवन यापन करने पर बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इससे युवा वर्ग में अवसाद की समस्या कम होगी और आत्महत्या जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इस दौरान रेलवे अस्पताल के डा.संजय सिंह ने अपनी टीम के साथ वरिष्ठ नागरिकों का शुगर एवं ब्लड प्रेशर का निशुल्क परीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय बताते हुए समाज के प्रति सक्रिय और समर्पित रहने का संदेश दिया। सभी वरिष्ठ जनों ने उत्साहपूर्वक स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। इस मौके पर पं. शिवनारायण पाठक, इंजी.संजय चौबे, जगदीश प्रसाद पाराशर, अवध बिहारी उपाध्याय, सुरेश कुमार तिवारी, राजाराम गोस्वामी, गिरजा शंकर दुबे, दीपक वैद्य, नरेंद्र दीक्षित, प्रीतम लाल विश्वकर्मा, सुरेश श्रीवास्तव, रमेश पाठक, रविंद्र, राना रविंद्र सिंह परमार, कैलाश नारायण वैद्य, पं. आसाराम तिवारी, डा.राजेंद्र श्रीवास्तव, एड.बाबूलाल शर्मा, बलराम, मीडिया प्रभारी कृष्णकांत सोनी सहित अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।



