कैराना

सलीम चौधरी बने एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन शामली के जिलाध्यक्ष

संगठन में नई ऊर्जा

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।

कैराना। जिले के वरिष्ठ पत्रकार सलीम चौधरी को एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ट्रस्ट) का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने उनके नाम की घोषणा करते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी। नियुक्ति की खबर मिलते ही जिलेभर के पत्रकारों और गणमान्य लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया। संगठन की बैठक में सलीम चौधरी के अनुभव, कार्यशैली और पत्रकारों के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई। नियुक्ति पत्र जारी करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने कहा कि सलीम चौधरी एक जुझारू और अनुभवी पत्रकार हैं। उनके नेतृत्व में शामली में संगठन नई ऊंचाइयों को छुएगा और पत्रकारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने कम समय में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। संगठन पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। पत्रकारों पर हमलों और फर्जी मुकदमों के खिलाफ आवाज उठाने, महिला पत्रकारों को सुरक्षित माहौल देने और उनके सशक्तिकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संगठन द्वारा पत्रकारों को निशुल्क कानूनी सहायता, प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन और गंभीर बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में आर्थिक सहयोग जैसी योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं। इससे पत्रकारों को एक मजबूत मंच मिल रहा है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सलीम चौधरी ने शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने कई चुनौतियां हैं, लेकिन किसी भी सूरत में पत्रकारों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सलीम चौधरी की नियुक्ति से शामली, कैराना, थानाभवन और कांधला क्षेत्र के पत्रकारों में खासा उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि अपूर्वा चौधरी के मार्गदर्शन और सलीम चौधरी के अनुभव से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और निष्पक्ष पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button