कैराना सीएचसी में 14–15 वर्ष की बेटियों को निशुल्क लगाई जा रही एचपीवी वैक्सीन
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। बेटियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) कैराना पर 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है।स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में से एक है, जिससे बचाव के लिए समय पर एचपीवी वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीएचसी कैराना में प्रतिदिन कार्य दिवसों में किशोरियों के लिए टीकाकरण की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक बेटियां इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें अस्पताल प्रशासन के अनुसार एचपीवी टीकाकरण प्रतिदिन कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कैराना पर किया जा रहा है। 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं अपने अभिभावकों के साथ अस्पताल पहुंचकर यह टीका लगवा सकती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए समय पर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम माना जाता है और किशोरावस्था में लगने पर इसका लाभ अधिक मिलता है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सरकार की मंशा है कि क्षेत्र की कोई भी बेटी इस गंभीर बीमारी के खतरे से अछूती न रहे। इसलिए सभी क्षेत्रवासियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु की बेटियों को सीएचसी कैराना पर पहुंचाकर निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
