बेतुल
बैतूल गरीबों के लिए संजीवनी बनेगी निशुल्क एम्बुलेंस सेवा : पांसे
अंबेडकर जयंती पर सेवा का लोकार्पण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। सारनी के शॉपिंग सेंटर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा का लोकार्पण किया गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव पांसे ने कहा कि यह सेवा गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए संजीवनी साबित होगी।
उन्होंने कहा कि देश के सबसे बड़े लोकतंत्र की मजबूत नींव डॉ. भीमराव अंबेडकर ने रखी, जिन्होंने संविधान के माध्यम से विभिन्न वर्गों, जातियों और धर्मों को एक सूत्र में बांधा। पांसे ने खिदमत-ए-ख़ल्क वेलफेयर सोसायटी द्वारा शेख नईम मंसूरी, शेख जावेद उर्फ पंचू खान और इशरत बी द्वारा अपने पिता की स्मृति में शुरू की गई इस पहल को इंसानियत की मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि आज के समय में जहां लोग संपत्ति अर्जित करने में लगे हैं, वहीं कुछ लोग अपनी कमाई को समाजसेवा में लगाकर उदाहरण पेश कर रहे हैं। आदिवासी क्षेत्र की समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि कई गरीब परिवार इलाज के लिए अपनी संपत्ति तक गिरवी रख देते हैं और कई बार शव को घर लाने तक के लिए संसाधन नहीं होते। ऐसे में यह एम्बुलेंस सेवा बड़ी राहत देगी।
पांसे ने संविधान के प्रति जागरूकता की जरूरत बताते हुए कहा कि कुछ ताकतें इससे छेड़छाड़ की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जनता की जागरूकता उन्हें सफल नहीं होने देगी। उन्होंने शिक्षा को तरक्की की कुंजी बताते हुए समाज से इसे अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में धार्मिक सौहार्द भी देखने को मिला। शिव कल्याण ईश्वर मंदिर के पंडित संतोष शर्मा और गुरुद्वारे के ज्ञानी जी की उपस्थिति ने गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश दिया। अंत में मुख्य अतिथि ने एम्बुलेंस का लोकार्पण किया।




