विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने फुटबॉल फाइनल व काली मेला का किया उद्घाटन, विजेता को मिला एक का इनाम

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
महेशपुर प्रखण्ड के मानिकपुर पंचायत अन्तर्गत काजिरकोड़ा (कैदामारा) फुटबॉल मैदान में हिहिड़ी पिपिड़ी क्लब की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले एवं प्रसिद्ध काली मेला का उद्घाटन विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने किया। इस दौरान झामुमो जिला सचिव माईकिल मुर्मू एवं प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद भी मौजूद रहे। फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला एफसी मार्गोंमुन्डा और एफसी कोटासौर (पश्चिम बंगाल) के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में एफसी कोटासौर ने जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि एफसी मार्गोंमुन्डा उपविजेता रही। विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी ने विजेता टीम को एक लाख रुपये तथा माईकिल मुर्मू एवं अब्दुल वदूद ने उपविजेता टीम को 80 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि काली मेला हमारी सांस्कृतिक परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। वहीं खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने और राज्य का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मौके पर पुलिस पदाधिकारी, झामुमो के कार्यकर्ता, हिहिड़ी पिपिड़ी क्लब के अध्यक्ष लोबेन कोड़ा, सचिव संदीप कोड़ा, कोषाध्यक्ष रामबाबू कोड़ा सहित अन्य गणमान्य लोग एवं हजारों की संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक उपस्थित थे।



