गाजियाबाद
लोनी में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीरामकथा का शुभारंभ
हजारों महिलाओं की सहभागिता से राममय हुआ लोनी क्षेत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी के रामपार्क स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में श्रीरामकथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस आयोजन में शामिल माताओं एवं बहनों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भाग लेकर पूरे लोनी क्षेत्र को राम मय बना दिया।
15 अप्रैल से 23 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस श्रीरामकथा का वाचन परम पूज्य पंडित अतुल कृष्ण भारद्वाज महाराज द्वारा किया जाएगा। कथा के शुभारंभ अवसर पर निकाली गई कलश यात्रा सिद्ध बाबा मंदिर से प्रारंभ होकर राणा चौक, रामपार्क होते हुए 50 फुटा मार्ग से कथा पंडाल तक पहुंची।
पूरे मार्ग में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। महिलाएं भजन एवं लोकगीत गाते हुए आगे बढ़ रही थीं, जिससे वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
इस अवसर पर विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी कलश यात्रा में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि लोनी की धरती पर ऐसा भव्य और श्रद्धामय दृश्य अत्यंत प्रेरणादायक है, जो हमारी सांस्कृतिक एकता और आस्था का प्रतीक है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।


