दहेज की मांग पूरी न होने पर नवविवाहिता को जहर पिलाकर घर से निकाला
पति समेत ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। मोहल्ला इस्लामनगर में दहेज को लेकर एक नवविवाहिता के साथ मारपीट कर उसे कथित रूप से जहर पिलाने और घर से निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली कैराना में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता आईसा पुत्री अफजाल निवासी मोहल्ला इस्लामनगर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व इसी मोहल्ले के दिलशाद पुत्र नाजर के साथ हुई थी। उसके पास दो माह का एक बेटा भी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति दिलशाद व ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते आ रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग उसे ताने देते हुए कहते हैं कि वह “भूखे घर” की है और उसके मायके वालों ने दहेज में कुछ नहीं दिया। विरोध करने पर उसके साथ आए दिन मारपीट की जाती है। तहरीर में आरोप है कि 12 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे पति दिलशाद, सास रकीबा पत्नी नाजर और जुलफान पुत्र नाजर उसके पास आए और उसे अपमानित करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान पति ने उसे तीन तलाक देने की धमकी भी दी। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने एक गिलास पानी में कथित रूप से चूहे मारने की दवा मिलाकर जबरन पिला दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। वह चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसे पीटते हुए घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया और दोबारा घर में घुसने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता किसी तरह जान बचाकर अपने मायके पहुंची और 14 अप्रैल को कोतवाली कैराना में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
