
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जिला पंचायत सभागार में सीडीओ शेषनाथ चौहान की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं किसानों ने भाग लिया। बैठक में कृषि क्षेत्र से जुड़े सिंचाई, बिजली, बैंक, कृषि, उद्यान, सहकारिता, विपणन, चकबंदी, दुग्ध एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक तथा फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। किसान दिवस में किसानों ने वर्ष 2025-26 की गेंहू खरीद को लेकर बारदाने (जूट बोरे) की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। किसानों ने बताया कि बोरे की कमी के कारण न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद में परेशानी हो रही है। इस पर अपर जिला सहकारी अधिकारी एवं जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द ही जनपद में पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध कराया जाएगा। किसान नवनीत शर्मा ने सुझाव दिया कि विपणन विभाग के 6 खरीद केन्द्रों को बंद कर वहां उपलब्ध बारदाना सहकारिता विभाग के 20 क्रय केन्द्रों पर उपलब्ध कराया जाए, जिससे खरीद प्रक्रिया तेज और सुगम हो सके। साथ ही उन्होंने खरीद केन्द्रों की दैनिक क्षमता 300 कुंतल से बढ़ाकर 600 कुंतल करने की मांग भी रखी। वहीं किसान मलखान सिंह यादव ने थनवारा क्षेत्र में किसानों के केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) न बनने की शिकायत की, जिस पर जिला अग्रणी बैंक प्रतिनिधि ने संबंधित शाखा प्रबंधक से वार्ता कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। किसान बाबूलाल दुबे ने मांग की कि मंडी में कोई भी व्यापारी न्यूनतम समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीद न करे और शासनादेश का कड़ाई से पालन कराया जाए। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, अधिशासी अभियंता सिंचाई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। किसानों में मलखान सिंह यादव, नवनीत शर्मा, केहर सिंह बुंदेला, शब्बीर खान मंसूरी, नवीन जैन, सुम्मेर सिंह, बाबूलाल दुबे, पहाड़ सिंह, कीरत बाबा, आशीष कौशिक, लक्ष्मण सिंह, सुरेंद्र कुमार, मुलायम सिंह, उर्मिला एवं आनंद देवलिया सहित कई किसान शामिल हुए।
