गाजियाबाद
बाबा साहेब की 135वीं जयंती पर लोनी में विधानसभा संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : खन्ना नगर स्थित दादी भोई फार्म हाउस में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल के नेतृत्व में संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर विधानसभा स्तरीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विशेष सम्मान अभियान के तहत आयोजित हुआ।
संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती कांता कर्दम उपस्थित रहीं। वहीं लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष और आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद महिला मोर्चा की टीम ने वंदे मातरम प्रस्तुत किया। जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया।
अपने संबोधन में श्रीमती कांता कर्दम ने कहा कि बाबा साहेब का संघर्षपूर्ण जीवन और उनके विचार भारतीय जनता पार्टी की ‘अंत्योदय’ की अवधारणा का आधार हैं, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का लक्ष्य रखती है। वहीं अन्य वक्ताओं ने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, वंचित वर्गों के उत्थान और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के अग्रदूत थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘पंचतीर्थ’ के माध्यम से बाबा साहेब को वैश्विक स्तर पर सम्मान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब के संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और जयकारों के साथ हुआ।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुनील निठौरा, प्रदीप गोस्वामी, आकाश गौतम, जिला मंत्री रुद्रामिनी गिरी, सीमा सैनी, मीडिया प्रभारी ब्रह्ममेश तिवारी, सह मीडिया प्रभारी जयवीर बंसल, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, मनीष चौहान, भाजयूमो जिलाध्यक्ष हिमांशु शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




