पाकुड़

क्राइम मीटिंग में एसपी निधि द्विवेदी ने थाना प्रभारियों को दिये सख्त निर्देश

SP Nidhi Dwivedi gave strict instructions to the station in-charges in the crime meeting.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। 17 अप्रैल 2026 शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गये। बैठक में बताया गया कि मार्च माह में दर्ज 106 मामलों के मुकाबले 110 मामलों का निष्पादन किया गया है। शेष लंबित कांडों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। अपराध नियंत्रण को लेकर चोरी, गृहभेदन और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम हेतु रात्रि गश्ती एवं टाइगर मोबाइल द्वारा सघन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया गया। वहीं अवैध कोयला, पत्थर और बालू के उत्खनन व परिवहन के विरुद्ध जिला खनन टास्क फोर्स के साथ संयुक्त छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गये। सामाजिक जागरूकता पर जोर देते हुए बाल विवाह, नशामुक्ति, मानव तस्करी, साइबर अपराध, महिला अत्याचार एवं सड़क सुरक्षा के विषय पर स्कूल और कॉलेजों में नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने हेतु प्रतिदिन बदलते स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाने, हेलमेट, सीटबेल्ट, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस की जांच करने तथा ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा, पिछले पांच वर्षों के संगीन मामलों में दोषसिद्ध अपराधियों को दागी पंजी, आरोपितों को निगरानी पंजी एवं अन्य असामाजिक तत्वों को गुंडा पंजी में दर्ज कर उन पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। न्यायालय में लंबित मामलों में समय पर गवाही सुनिश्चित करने और आवश्यक दस्तावेजों को समय पर प्रस्तुत करने पर भी बल दिया गया। साथ ही, थानों में आने वाले शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। आगामी JPSC एवं अन्य परीक्षाओं के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश भी दिए गये। बैठक के दौरान सभी पुलिस पदाधिकारियों को e-Sakshya ऐप का प्रशिक्षण दिया गया तथा इसके क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान किया गया। अंत में, महेशपुर, पाकुड़िया, मुफ्फसिल, हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, मालपहाड़ी ओपी एवं सिमलोंग ओपी के थाना प्रभारियों को जून 2025 से अब तक वारंट निष्पादन में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button