झारखंड पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 48 घंटे में लेखा शाखा से हटेंगे कर्मी
Jharkhand Police undergoes major administrative reshuffle, with personnel to be removed from the accounts branch within 48 hours.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जारी आदेश के अनुसार, लेखा शाखा में तीन साल या उससे अधिक समय से पदस्थ सभी पुलिसकर्मियों को 48 घंटे के भीतर हटाने का निर्देश दिया गया है।
जैप डीआईजी का सख्त आदेश झारखंड सशस्त्र पुलिस (JAP) के डीआईजी ने राज्य के सभी कमांडेंट को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने इकाइयों में तैनात संबंधित कर्मियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण सुनिश्चित करें। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई हर हाल में पूरी की जाए।
वेतन गड़बड़ी के मामलों के बाद सख्ती
हाल के दिनों में बोकारो और हजारीबाग जिलों से वेतन भुगतान में अनियमितता और अवैध निकासी के मामले सामने आए थे। इन घटनाओं के बाद पुलिस मुख्यालय ने सख्त रुख अपनाते हुए यह निर्णय लिया है, ताकि भविष्य में इस तरह की गड़बड़ियों पर रोक लगाई जा सके।
तीन साल तक नहीं मिलेगी दोबारा पोस्टिंग
आदेश में यह भी प्रावधान किया गया है कि जिन कर्मियों को लेखा शाखा से हटाया जाएगा, उन्हें अगले तीन वर्षों तक उसी शाखा में दोबारा तैनाती नहीं दी जाएगी। इससे एक ही जगह लंबे समय तक जमे रहने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण लगेगा।
प्रशासनिक सुधार की दिशा में अहम कदम
पुलिस विभाग के इस फैसले को प्रशासनिक सुधार और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस कदम से विभागीय कार्यप्रणाली अधिक सुदृढ़ और विश्वसनीय बनेगी। सूत्रों के अनुसार, कई जिलों में इस आदेश के अनुपालन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और कुछ स्थानों पर कर्मियों का स्थानांतरण भी कर दिया गया है। विभाग द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है, ताकि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा सके।



