तंबाकू छोड़ो, जीवन संवारो एनसीसी कैडेट्स ने मोदीनगर में निकाली रैली

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो ।
मोदीनगर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर 35 यूपी एनसीसी वाहिनी के कैडेट्स ने शुक्रवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया। रैली की अगुवाई कमान अधिकारी कर्नल पी.के. सिंह और डॉ. केएन मोदी साइंस एंड कॉमर्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र अग्रवाल ने की।
रैली कॉलेज से शुरू होकर बस स्टैंड, तिबड़ा रोड, तरंग रोड और गुरुद्वारा रोड से गुजरते हुए कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। कैडेट्स ने हाथों में स्लोगन पोस्टर और बैनर लेकर जनता को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
एनसीसी अधिकारी प्रवीण जैनर ने बताया कि रैली का उद्देश्य समाज को मादक पदार्थों के दुष्परिणामों से अवगत कराना था। वहीं कर्नल पी.के. सिंह ने कहा कि नशा न केवल शारीरिक क्षति करता है, बल्कि युवाओं के भविष्य को भी अंधकारमय बनाता है।
रैली के समापन पर सभी कैडेट्स ने मादक पदार्थों से दूर रहने की शपथ ली। कार्यक्रम में ले. राजीव जांगिड़, सूबेदार मेजर दोज थापा, सूबेदार अफ्तार, सूबेदार सूर्यमान थाले, हवलदार संतोष कुमार, हवलदार पवन कुमार और हवलदार देवेंद्र बिष्ट आदि मौजूद रहे।



