झामुमो की राज्य स्तरीय बैठक, संगठन सुदृढ़ीकरण और SIR व जनगणना पर हुआ मंथन
JMM's state-level meeting, organization strengthening and discussions on SIR and census

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने राज्य में संगठनात्मक मजबूती को लेकर बूथ स्तर से जिला स्तर तक पार्टी ढांचे को सशक्त बनाने की दिशा में पहल तेज कर दी है। मंगलवार को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सह मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में झामुमो के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) एवं आगामी जनगणना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पहले दिन राज्य के 12 जिलों—साहेबगंज, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, लोहरदगा, गुमला, खूंटी एवं सिमडेगा—के चयनित पदाधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में संगठन की भूमिका और जिम्मेदारी पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने बूथ, पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर एवं महानगर कमेटियों को भी अधिक प्रभावी बनाने पर जोर देते हुए कहा कि संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना आवश्यक है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। बैठक में आगामी जनगणना को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। नेताओं ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़ा अहम विषय है। झामुमो ने आदिवासी, मूलवासी, पिछड़े एवं वंचित वर्गों की सही एवं सटीक गणना सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। SIR को लेकर बैठक में गंभीर चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का राजनीतिक दुरुपयोग करने का प्रयास किया जा सकता है। झामुमो ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी स्थिति में जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों से समझौता नहीं होने देगा और ऐसे किसी भी प्रयास का विरोध करेगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिससे मतदाता सूची, जनगणना एवं अन्य संवेदनशील मुद्दों पर जनता को जागरूक किया जा सके। दूसरे दिन की बैठक गुरुवार को अन्य 12 जिलों के पदाधिकारियों के साथ आयोजित की जाएगीऐ। बैठक में मंच संचालन केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने किया। इस अवसर पर सांसद विजय हांसदा, सांसद जोबा मांझी, विधायक प्रो. स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक बसंत सोरेन, लुईस मरांडी, धनंजय सोरेन, एमटी राजा, सविता महतो, सुखराम उरांव, नीरल पूर्ति, भूषण तिर्की, आलोक सोरेन, सुदीप गुडिया, राम सूर्या मुंडा, जगत मांझी, उदय शंकर सिंह, पंकज मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।



