गोड्डा
चिहारी पीठ स्थित मां दुर्गा मंदिर के नवनिर्माण स्थल का इंजीनियर ने लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : चिहारी पीठ परिसर स्थित मां दुर्गा मंदिर के नवनिर्माण को लेकर गुरुवार की सुबह इंजीनियर की टीम ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान मंदिर निर्माण हेतु नापी का कार्य पूरा कर लिया गया।
निरीक्षण के समय जनकल्याण चैती दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष संतोष कुमार महतो की अगुवाई में समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे। उपस्थित सभी लोगों के चेहरों पर प्रसन्नता झलक रही थी और एक स्वर में सभी ने कहा कि मंदिर का निर्माण भव्य और आकर्षक होना चाहिए।
अध्यक्ष संतोष महतो ने बताया कि नया मंदिर तेतरी दुर्गा मंदिर, नवगछिया (भागलपुर) के तर्ज पर बनाया जाएगा, जो कि क्षेत्र की शान बनेगा। इस घोषणा के बाद उपस्थित लोगों ने जोरदार “जय माता दी” के जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
सूचना पाकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ)नितेश कुमार गौतम भी पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम मां दुर्गा मंदिर में माथा टेककर पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
बीडीओ श्री गौतम ने समिति के अध्यक्ष संतोष महतो एवं सभी सदस्यों को इस सामूहिक और धार्मिक पहल के लिए हार्दिक बधाई एवं साधुवाद दिया।



